मंगलवार, 18 दिसंबर 2012

दिन मरता है और नाखून की तरह उगता चला जाता है: महफूज़

(फोटो हैज़ नथिंग टू  डू विद द पोस्ट)
एक कविता -----

पिछला हफ्ता मैंने नाखूनों की तरह 

काटकर कचरे के ढेर में फ़ेंक दिया है। 
मगर दिन में भी नाखूनों की तरह 
रिजैनेरेटिव पावर होता है 
पुनः दिन 
उँगलियों में 
नाखूनों की तरह 
उगने लगा है।

नाखून की मीनारों में 
मैल भरने लगा है ...
धीरे धीरे शाम ढल रही है 
नाखून पूरा काला हो जायेगा 
और रात हो जाएगी।
जब यह रात असहनीय हो जाती है 
तो हम इसे नेलकटर से काट कर 
कूड़े के ढेर फ़ेंक आते हैं ...
और पुनः दिन नाखूनों में बढ़ने लगता है। 

नाखून और दिन में फर्क इतना ही है 
कि आदमी की मौत के साथ 
नाखूनों में रिजैनेरेटिव पावर 
समाप्त हो जाती है 
जबकि मरे हुए नाखून में भी 
दिन ... उन्ही पुराने दिनों की तरह 
डराता है।
मगर अब,
उसे कोई मारकर फेंकने वाला नहीं रहता 
यानि कि 
दिन नाखून बदल देता है 
उसमें पुनः डराने की शक्ति 
समाप्त नहीं होती 
याने दिन मरता है और उगता चला जाता है,
जबकि आदमी का नाखून 
मौत स्वीकार कर लेता है 
और 
उसका उगना 
बंद हो जाता है।

(c) महफूज़ अली 

सोमवार, 10 दिसंबर 2012

मंगलसूत्र कहीं अटका हुआ है : महफूज़




पेश है मेरी एक अंग्रेजी कविता से प्रेरित यह कविता :

यह उन दिनों की बात है 
जब मेरा बचपन 
पिता की ढीली होती हुई पकड़ 
का गवाह हो रहा था। 

समझ की उम्र के साथ 
मैंने यह जाना 
कि माँ का सिर्फ सरनेम बदला है 
मगर पिता पूरी तरह बदल गए हैं। 

फिर मैं लड़ाई की उम्र में आ गया 
वर्षों तक लड़ने के बाद मैंने जाना 
कि रात से लड़ना बेवकूफी है,
इसे विश्राम की मुद्रा में 
धैर्य से भी काटा जा सकता है 
और यदि हम लड़ते रहे तो 
रात भर की लड़ाई में 
हम इतने थक चुके होंगे 
कि सुबह के सूरज का 
स्वागत करने की ताक़त 
हमारे रात भरे हाथों में नहीं होगी।

इसीलिए मेरी चीख चिल्लाहटें बेकार 
साबित हो गयीं ,
मैं यह देख नहीं पाता था कि 
साड़ी माँ ने पहनी है 
मगर 
मंगलसूत्र पिता के गले में 
अटका हुआ है 
और फिर 
उन आँखों में पिता तलाशना बहुत 
बड़ी बेवकूफी है,
जिनमें पिता ज़िंदा है। 

जिन उँगलियों में 
हम पिता तलाशते हैं 
वे स्पर्श की प्रतीक्षा करते हुए 
पति के हाथ हैं 
चौकलेट और लौलिपौप 
तो तुम्हे दर किनार करने का 
बहाना है। 
और 
वो स्कूल जिसकी टाट पट्टी पर 
तुम बड़े हो रहे हो 
तुम्हारी पढाई की तरह ही सस्ता है ,
जिसकी छतों से टपकते हुए पानी से 
तुम्हारे शरीर पर 
बड़े भाई का कुरता 
गीला हो गया है 
और तुम्हे 
पढ़ाने वाला टीचर 
घंटी के डर से 
शरीर की कतार से हताश
लौट आया है।

तुम 
एक अनिश्चय में जन्म लेकर 
दुसरे अनिश्चय में बड़े 
हो रहे हो ....
फिर 
तुम भी धीरे धीरे लड़ते हुए 
इतना थक जाओगे 
कि तुम्हारे भीतर से 
उभर कर मंगलसूत्र 
तुम्हारे गले में 
आ जायेगा 
फिर 
एक मिला जुला 
अनिश्चय 
जन्म लेगा 
और टपकती छतों और 
गीली टाट पट्टी 
पर भीगता हुआ 
बड़ा हो जायेगा। 

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...